Dharm

सनातन धर्म के उत्थान में ब्रह्मलीन स्वामी जगदीशानंद गिरी का अहम योगदान-श्रीमहंत समुद्र गिरी

संत समाज ने दी ब्रह्मलीन स्वामी जगदीशानंद गिरी को श्रद्धांजलि
महंत बाल गिरी बने श्री चेतन गिरी आश्रम के महंत
हरिद्वार, 18 अप्रैल। श्री चेतन गिरी आश्रम के अध्यक्ष एवं श्री पंच दशनाम आवाहन अखाड़े के ब्रह्मलीन महंत स्वामी जगदीशानंद गिरि महाराज का श्रद्धांजलि एवं पट्टाभिषेक समारोह सभी 13 अखाड़ों के संत महापुरुषों के सानिध्य में आयोजित किया गया। आह्वान अखाड़े के श्रीमहंत समुद्र गिरी की महाराज की अध्यक्षता में आयोजित श्रद्धांजलि एवं पट्टाभिषेक समारोह में संत महापुरुषों ने ब्रह्मलीन स्वामी जगदीशानंद गिरी महाराज भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए एक महान संत बताया एवं उनके स्थान पर महंत बाल गिरी महाराज को तिलक चादर प्रदान कर चेतन गिरी आश्रम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अध्यक्षीय पद से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमहंत समुद्र गिरी महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी जगदीशानंद महाराज ने जीवन पर्यन्त अखाड़े की परंपरांओं का पालन करते हुए सनातन धर्म संस्कृति के उत्थान में अहम योगदान दिया। संत समाज को पूर्ण विश्वास है कि आश्रम के महंत नियुक्त किए गए महंत बाल गिरी महाराज अपने गुरू ब्रह्मलीन महंत स्वामी जगदीशानंद गिरी महाराज की शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए आश्रम की सेवा परंपरांओं को आगे बढ़ाएंगे। बाबा हठयोगी महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी जगदीशानंद गिरी महाराज एक महान संत थे। जिन्होंने जीवन पर्यंत सनातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए भारतीय संस्कृति के संरक्षण संवर्धन में अपना योगदान प्रदान किया। संत समाज में उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता। श्री महंत विष्णु दास महाराज ने कहा कि संत का जीवन सदैव मानवता को समर्पित रहता है। ब्रह्मलीन स्वामी जगदीशानंद गिरि महाराज ने सादा जीवन व्यतीत करते हुए सभी को मानव सेवा की प्रेरणा दी और गौ गंगा संरक्षण का संदेश दिया। राष्ट्र निर्माण में उनका अतुल्य योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। महंत रघुवीर दास एवं महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज ने कहा कि संतों का जीवन निर्मल जल के समान होता है और ब्रह्मलीन स्वामी जगदीशानंद गिरि महाराज तो साक्षात त्याग एवं तपस्या की प्रतिमूर्ति थे। हमें आशा है कि उनके अधूरे कार्यों को पूर्ण करते हुए नवनियुक्त महंत बाल गिरी महाराज उनके द्वारा प्रारंभ किए गए सेवा प्रकल्पों में निरंतर बढ़ोतरी करेंगे और धर्म के प्रचार प्रसार में अपना अहम योगदान प्रदान करेंगे। चेतन गिरी आश्रम के नवनियुक्त महंत बाल गिरी महाराज ने कहा कि जो दायित्व उन्हें सन समाज द्वारा सौंपा गया है। उसका वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे और जीवन पर्यंत स्वामी जगदीशानंद गिरि महाराज के आदर्शों को अपनाते हुए राष्ट्र उत्थान एवं मानव सेवा के लिए समर्पित रहेंगे। श्रद्धांजलि देने वालों में महामंडलेश्वर स्वामी राजेंद्रआनंद, महंत बिहारी शरण, महंत गोविंद दास, स्वामी गिरिशानंद, महंत दुर्गादास, महंत रघुबीर दास, महंत विष्णुदास, स्वामी चिदविलासानंद, स्वामी नारायणानंद, महंत विजय गिरी, साध्वी जीवन ज्योति मां, महंत सूरजदास, महंत कमलानंद गिरी, महंत राजेंद्रानंद, स्वामी परवानानंद, महंत नारायण गिरी, समाजसेवी सुरेश कुमार, गुरूबचन, ठाकुर मानसिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *