Dharm

पूजा अर्चना कर मुख्यमंत्री ने छड़ी यात्रा को रवाना किया


सनातन धर्म संस्कृति के संरक्षण संवर्द्धन में संत समाज का अहम योगदान-पुष्कर सिंह धामी
हरिद्वार, 9 अक्टूबर। रविवार को श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े द्वारा निकाली जा रही छड़ी यात्रा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिद्ध पीठ माया देवी मंदिर से अखाड़े की परंपरानुसार विधिवत पूजा अर्चना कर उत्तराखंड के तीर्थों की यात्रा के लिए रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आनंद भैरव मंदिर में पूजा अर्चना कर छड़ी यात्रा को शुभकामनाएं दी एवं सफलता की कामना करते हुए कहा कि संत समाज हमारी संस्कृति, हमारी विरासत को संरक्षित, संवर्धन और प्रसार के लिए निरंतर सक्रिय है। जूना अखाड़े द्वारा निकाली जा रही प्राचीन पवित्र छड़ी यात्रा इसी का एक प्रकल्प है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र छड़ी यात्रा के माध्यम से संत समाज उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों से पलायन रोकने, उपेक्षित हो रहे तीर्थ को संरक्षित करने तथा सनातन धर्म के प्रति जागरूकता पैदा करने का पुनीत कार्य कर रहा है। जिसमें हम सबकी भागीदारी भी सुनिश्चित होनी चाहिए। तभी उत्तराखंड देश का श्रेष्ठ राज्य बन सकेगा। जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरी गिरी महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आग्रह किया कि प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से पलायन के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा है। पलायन रोकने के लिए सीमांत क्षेत्रों पिथौरागढ़, चमोली जैसे जनपदों में उच्च शिक्षा हेतु विद्यालय, आधुनिक सुविधाओं से युक्त चिकित्सालय स्थापित किए जाने नितांत आवश्यक है। सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा हेतु विद्यालय स्थापित किए जाएं। ताकि इन दुर्गम क्षेत्र के लोगों को मैदानी जिलों में नही आना पड़े। प्रदेश के उपेक्षित पौराणिक तीर्थों का जीर्णोद्धार कर तीर्थाटन को बढ़ावा देने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने से ही पलायन पर रोक लग सकेगी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के माया देवी मंदिर पहुंचने पर श्रीमंहत हरिगिरी महाराज, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, जूना अखाड़े के सभापति श्रीमहंत नारायणगिरी, श्रीमहंत केदार पुरी, श्रीमहंत मोहन भारती, श्रीमहंत महेश पुरी, श्रीमहंत शैलेंद्र गिरी, श्रीमहंत शैलजा माता, पूर्व सचिव आइएएस मुन्नीलाल पांडेय ने शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने संतों के सानिध्य में माया देवी मंदिर में पूजा अर्चना छड़ी प्रमुख महंत श्रीमहंत प्रेम गिरी, श्रीमहंत मोहन भारती, श्रीमहंत महेश पुरी, श्रीमहंत पुष्कर गिरी, श्रीमहंत शिवदत्त गिरी के नेतृत्व में छड़ी यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, भाजपा नेता आशुतोष शर्मा आदि उपस्थित रहे। छड़ी यात्रा प्रमुख महंत प्रेमगिरी ने बताया कि छड़ी ऋषिकेश में मंदिरों में पूजा अर्चना के पश्चात रात्रि विश्राम करेगी तथा 10 अक्टूबर की चारों धाम के लिए रवाना होगी। 1 नवंबर को अपनी यात्रा पूरी वापस माया देवी मंदिर पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *