Dharm

स्वामी बालकानंद गिरी महाराज से मिले श्रीराम मंदिर जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ट्रस्ट अयोध्या के महामंत्री चंपत राय

विक्की सैनी
जन-जन के आराध्य हैं प्रभु श्रीराम-आचार्य स्वामी बालकानंद गिरी
हरिद्वार, 13 जनवरी। श्रीराम मंदिर जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ट्रस्ट अयोध्या के महामंत्री चंपत राय ने भूपतवाला स्थित हरीधाम सनातन सेवा ट्रस्ट पहुंचकर आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज से राम मंदिर निर्माण को लेकर चर्चा की। चंपत राय ने स्वामी बालकानंद गिरी महाराज के साथ आश्रम में भगवान शिव की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना व दुग्धाभिषेक कर विश्वकल्याण की कामना की और स्वामी बालकानंद गिरी महाराज से आशीर्वाद लिया। चर्चा के दौरान स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने कहा कि प्रभु श्रीराम जन-जन के आराध्य हैं और प्रत्येक भारतवासी के हृदय में विराजमान हैं। राम मंदिर निर्माण को लेकर करोड़ों श्रद्धालु भक्त उत्साहित हैं। सभी को राम मंदिर निर्माण में बढ़-चढ़कर अपना सहयोग प्रदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद यह शुभ घड़ी आयी है कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य दिव्य मंदिर बनने जा रहा है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में ही यह निर्णय संभव था। इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने कहा कि चंपत राय के नेतृत्व में राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र न्यास ट्रस्ट को नई दिशा मिलेगी और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का भव्य व दिव्य मंदिर पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति व सनातन धर्म के प्रकाश से आलोकित करेगा। चंपत राय ने कहा कि संत महापुरुषों के लंबे संघर्ष के बाद राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो पाया है। राम मंदिर निर्माण के लिए हजारों संतों व रामभक्तों ने बलिदान दिया है। जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि संत महापुरुषों से ही देश दुनिया में भारत की एक अलग पहचान है। सभी को राममंदिर निर्माण में सहयोग करना चाहिए। इस अवसर पर आचार्य मनीष जोशी, स्वामी नत्थीनंद गिरी, स्वामी सत्यानन्द गिरी, स्वामी मोनू गिरी, स्वामी गिरीशानंद गिरी, नंदकिशोर जोशी, योगेश सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *