Dharm

नेपाल को पुनः हिन्दू राष्ट्र घोषित किया जाए-बिष्णु प्रसाद बराल

हरिद्वार, 22 अप्रैल। नेपाल हिन्दूराष्ट्र पुनः स्थापना मंच के अन्तराष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर बिष्णु प्रसाद बराल ने नेपाल को पुनः हिन्दू राष्ट्र घोषित करने की मांग की है। नेपाल को पुनः हिन्दू राष्ट्र घोषित कराने की मुहिम में जुटे बिष्णु प्रसाद बराल कुंभ मेले में संत समाज का समर्थन जुटाने के लिए हरिद्वार आए हुए हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिष्णु प्रसाद बराल ने कहा कि विश्व के एक मात्र हिन्दू राष्ट्र नेपाल को धर्मनिरपेक्ष घोषित किए जाने के बाद धर्म परिवर्तन के मामले तेजी से बढ़े रहे हैं। नेपाल को दोबारा से हिन्दू राष्ट्र घोषित कराने के लिए विश्व के सभी हिन्दुओं को एकजुट होना होगा। इसके लिए वे लगातार मुहिम चला रहे हैं। नई दिल्ली स्थित जंतर मंतर सहित भारत के कई प्रमुख राज्यों यूपी, हरियाणा, असम, महाराष्ट्र में इस अभियान को चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला सनातन हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व है। कुंभ मेले के दौरान देश दुनिया से लाखों हिंदू व संत समाज एकत्र होता है। इसलिए मुहिम को गति देने के लिए वे हरिद्वार कुंभ मेले में आए हैं। इसके तहत 19 अप्रैल को चण्डीघाट पर विशाल सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में नेपाली मूल के लोगों व सत समाज ने नेपाल को पुनः हिन्दू राष्ट्र घोषित किए जाने की मुहिम का समर्थन किया। बिष्णु प्रसाद बराल ने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी व कई अखाड़ों के प्रतिनिधियों से उनकी वार्ता हुई है। सभी ने उनकी मांग का समर्थन करते हुए हर प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया है। बताया कि संगठन की और से नेपाल सरकार से भी नेपाल को पुनः हिन्दू राष्ट्र घोषित करने की मांग लगातार की जा रही है। इसके लिए विश्व के सभी हिन्दुओं का सहयोग जरूरी है। इस दौरान चंद्रकुंवर, बम बहादुर चंद्र, बल बहादुर चंद्र भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *