Dharm

हरकी पैड़ी पर बह रही जल धारा को गंगा घोषित करे सरकार-श्रीमहंत विनोद गिरी

विक्की सैनी

हरिद्वार, 28 सितम्बर। मोक्षदायिनी मां गंगा के नाम परिवर्तन को लेकर तीर्थ पुरोहित समाज द्वारा हरकी पैड़ी पर धरने का समर्थन करने पहुंचे जूना अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीमहंत विनोद गिरी महाराज ने तीर्थ पुरोहित समाज को अपना समर्थन प्रदान करते हुए कहा कि पतित पावनी मां गंगा लाखों करोड़ों हिन्दुओं की आस्था का प्रश्न है। युगों युगों से अविरल, निर्मल, बहकर प्राणी मात्र का उद्धार करती चली आ रही मां गंगा की पवित्र जल धारा को स्केप चैनल घोषित किए जाने का आदेश निराधार है। सरकार को हिन्दुओं की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। स्केप चैनल नाम की घोषणा मात्र राजनीतिक दांवपेंच है। राजनीतिक दलों को सोच समझकर अपनी राजनीति करनी चाहिए। धर्म से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए। करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत की जा रही हैं। जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जा सकता है। राज्य के मुख्यमंत्री जल्द से जल्द स्केप चैनल का शासनादेश तुरंत रद्द कर मां गंगा का नाम पुनः मां गंगा ही किया जाना चाहिए। श्रीमहंत विनोद गिरी महराज ने कहा कि तत्कालीन सरकार द्वारा मां गंगा के नाम से छेड़छाड़ की गयी। लेकिन साढ़े तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी अब तक शासनादेश ना बदलना राज्य की सरकार पर भी प्रश्नचिन्ह लगाता है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द मां गंगा का नाम पुनः मां गंगा घोषित किया जाए। तीर्थ पुरोहित समाज की मांग को जनभावनओं का सम्मान करते हुए पूरा किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *