Dharm Uttarakhand

मुख्यमंत्री से मिले अखाड़ा परिषद के पदाधिकारी

विक्की सैनी

संतों के आशीर्वाद से महाकुंभ मेला सकुशल संपन्न होगा-त्रिवेंद्र सिंह रावत

कुंभ कार्यो को तेजी से पूरा कराया जाए-श्रीमहंत नरेंद्र गिरी

हरिद्वार, 22 जुलाई। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज व विभिन्न अखाड़ों के संत महापुरूषों ने महाकुंभ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भेंटवार्ता की। इस दौरान श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि महाकुंभ मेला 2021 अपने निर्धारित समय पर होना है। विकास कार्यों में तेजी लाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष शाही स्नान, सड़कें, बिजली, पानी, कच्चे मार्गो के निर्माण के साथ साथ स्थायी निर्माणों पर अपनी बात रखी। श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि हरकी पौड़ी का सौन्दर्यकरण व अन्य घाटों के सौन्दर्यकरण के कार्यो में तेजी लायी जाए। आधे अधूरे निर्माण कार्य तेजी के साथ पूरे किए जाएं। जिससे महाकुंभ मेला सकुशल संपन्न हो सके। बाहर से आने वाले संत महापुरूषों को किसी भी प्रकार की असुविधाएं मेला क्षेत्र में ना हों। श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज ने हरकी पैड़ी स्थित शिवालिक पर्वतमालाओ व अन्य रिहाईशी क्षेत्रों की पहाड़ी की चट्टानों को व्यवस्थित करने की बात भी रखी। मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था ना उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के सभी शाही मार्गो से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए साथ ही मां मनसा देवी मंदिर की सुरक्षा को भी सुनियोजित किया जाए। तीनों बैरागी अणी अखाड़ों की जमीनों पर संत महापुरूषों का निवास रहेगा।

श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज ने भेंटवार्ता में प्रमुखता से स्थायी व अस्थाई कार्यो में ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि जल्द से जल्द निर्माण कार्यों को पूरा किया जाना जरूरी है। मेला क्षेत्र में बिजली, पानी, शौचालय की व्यवस्थाओं को लागू कराना सरकार का कर्तव्य बनता है। महाकुंभ मेला अपने नियत तिथी पर ही होगा। उन्होंने बजट की पहली किस्त आवंटन किए जाने की भी मांग की। इस दौरान चारधाम यात्रा खोले जाने पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गिरी महाराज ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार भी प्रकट किया। चारधाम यात्रा यात्रियों के लिए संचालित होंगी तो राज्य को राजस्व की प्राप्ति भी होगी। सरकार यात्रा को लेकर अपने नियमों का पालन भी कराए। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज व मुखिया महंत भगतराम महाराज ने कहा कि आश्रम अखाड़ों के सौन्दर्यकरण के कामों में तेजी लायी जाए। हरकी पैड़ी सहित विभिन्न घाटों की भव्यता व सुन्दरता को लेकर सरकार को गंभीरता से कार्य करना होगा। पौराणिक मठ मंदिरों के सौन्दर्यकरण के काम भी तेजी लायी जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश में निःशुल्क भोजन की आवश्यकताओं को भी संचालित किया जाना चाहिए। जिससे लोगों को मदद मिल सके। शिवालिक पर्वतों पर मां मनसा देवी का निवास स्थान है। पर्वतों की चट्टानों को व्यवस्थित करने में भी सरकार को सहयोग करना चाहिए। भेंटवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संतों को आश्वास्त करते हुए कहा कि कुंभ से संबंधित सभी निर्माण कार्य समय पर पूरे कर लिए जाएंगे।

शाही निकलने वाले मार्गो को दुरूस्त कराया जाएगा। बैरागी कैंप की जमीन पर बैरागी अखाड़ों का स्वामित्व रहेगा। निर्धारित समय पर ही कंुभ संपन्न कराया जाएगा। सभी संत हमारे पूज्यनीय हैं। संत महापुरूषों के आशीर्वाद से कुंभ मेला सकुशल संपन्न होगा। संतों द्वारा रखी गयी सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। इस दौरान मुखिया महंत भगतराम, मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी, अखाड़ा परिषद के उपाध्यक्ष महंत देवेंद्र सिंह, महंत प्रेमदास, महंत बलराम दास, महंत अंबिका पुरी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी मौजूद रहे। अखाड़ा परिषद की मांग पर चारधाम यात्रा खोले जाने पर संतों ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को बधाई दी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने सभी संतों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *