राकेश वालिया
हरिद्वार, 5 फरवरी। निराला धाम की परमाध्यक्ष राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा है कि देवों के देव महादेव भगवान शिव भक्तों की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर उन्हें मनोवांछित फल प्रदान करते हैं। जो श्रद्धालु भक्त सच्चे मन से भगवान शिव की शरण में आ जाता है। उसका जीवन स्वतः ही सफल हो जाता है। भूपतवाला स्थित निराला धाम आश्रम में ब्रह्मलीन स्वामी लहरी बाबा महाराज की प्रेरणा से आयोजित 41 दिवसीय 32वें शिवशक्ति महायज्ञ के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि भगवान शिव की महिमा अपरंपार है। अपनी शरण में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु भक्तों का भगवान शिव कल्याण कर उसको भवसागर से पार लगाते हैं। राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी लहरी बाबा एक महान संत थे। जिन्होंने अपने जीवन काल में सदैव गरीब असहाय लोगों की मदद कर समाज सेवा का संदेश दिया। उनके द्वारा चलाए गए सेवा प्रकल्प में निरंतर बढ़ोतरी कर उनके अधूरे कार्यों को पूरा किया जा रहा है। युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेकर समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। राजमाता आशा भारती के कृपा पात्र शिष्य स्वामी नित्यानंद ने कहा कि विश्व कल्याण के लिए ब्रह्मलीन स्वामी लहरी बाबा की प्रेरणा से प्रतिवर्ष शिवशक्ति महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। भगवान शिव की आराधना से साधक को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। स्वामी नित्यानन्द ने बताया कि 10 फरवरी को विशाल संत समागम व 11 फरवरी को शिवशक्ति महायज्ञ को विराम दिया जाएगा। इस दौरान स्वामी रवि देव शास्त्री, स्वामी हरिहरानंद, महंत सुमित दास, स्वामी दिनेश दास, महंत सूरज दास, यजमान रमेश मिड्ढा, राजकुमार अरोड़ा, संदीप कुमार, महेश इंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।
