Politics

कांग्रेस पार्टी में ही सभी वर्गों का हित सुरक्षित है- तिलकराज बेहड़


हरिद्वार 26 अगस्त। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज बेहड़ एवं उत्तराखंड सह प्रभारी दीपिका पांडे ने भूपतवाला स्थित राधा कृष्ण धाम पहुंच कर पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी महाराज से भेंट वार्ता की और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

इस दौरान सतपाल ब्रह्मचारी महाराज ने उन्हें बुके देकर उनका स्वागत किया। चर्चा के दौरान तिलक राज बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में ही सभी वर्गों का हित सुरक्षित है। भाजपा सरकार की रीति नीतियों से जनता बुरी तरह त्रस्त हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुख्य मुद्दों को हल करने में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है। वर्तमान में पूरा देश कांग्रेस की ओर देख रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। कृषि प्रधान देश में देश के अन्नदाता किसानों की अनदेखी की जा रही है। केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते देश का किसान लगातार कर्ज के तले डूबा जा रहा है। और आत्महत्या कर रहा है। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस पार्टी अन्नदाता किसानों की सभी मांगों को पूरा करेगी। कमरतोड़ महंगाई से पूरा देश जूझ रहा है लेकिन केंद्र सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उत्तराखण्ड से युवा लगातार पलायन कर रहा है राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया नहीं करा पा रही है। सह प्रभारी दीपिका पांडे ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेजी से की जा रही है। बूथ स्तर पर युवाओं को जोड़ा जा रहा है। कांग्रेस की रीती नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को गुमराह कर देश को बांटने का काम कर रही है। सरकारी उद्योगों का निजीकरण तेजी के साथ किया जा रहा है। जो कि देश हित में कतई नहीं है। मोदी सरकार की तानाशाही के कारण आज पूरा भारत भुखमरी की कगार पर खड़ा है। कोरोना काल में भी सरकार द्वारा आम आदमी एवं व्यापारी वर्ग को कोई राहत पैकेज नहीं दिया गया। जिससे लोगों में खासी नाराजगी है आगामी विधानसभा चुनावों में जनता भाजपा सरकार को सबक सिखाएगी। इस दौरान विवेक भूषण, सुभाष माहेश्वरी, विकास चंद्रा, अमन गौड, अरविंद शमार्, नितिन यादव, आकाश भाटी, अनुज गर्ग, मनीष कर्णवाल, थानेश्वर आदि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *