Politics

किसानों का उत्पीड़न करने वाली सरकार का पतन निश्चित- ऋषिपाल अंबावता

हरिद्वार, 8 अक्तूबर। भारतीय किसान यूनियन अंबावता के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिपाल अंबावता ने कहा कि लखीमपुर खीरी में कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के साथ हुई घटना बेहद निंदनीय है। घटना में शामिल केंद्रीय गृह राज्य के मंत्री को पुत्र को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए तथा मंत्री को पद से बर्खास्त किया जाए। किसानों का उत्पीड़न करने वाली सरकार का पतन निश्चित है। हरिद्वार आए ऋषिपाल अंबावता ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि यूपी के लखीमपुर खीरी में प्रदर्शन कर रहे किसानों के ऊपर गाड़ी चढ़ाकर चार किसानों की हत्या कर दी गयी। लेकिन घटना में शामिल मंत्री पुत्र को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया। जिससे सरकार की संवदेनहीनता का पता चलता है। उन्होंने कहा कि केवल मुआवजा देकर किसानों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता है। मंत्री पुत्र की गिरफ्तारी व मंत्री की बर्खास्तगी किसानों की दो प्रमुख मांगों को भी पूरा किया जाना चाहिए। पूरे देश के किसान कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे है। लेकिन संवेदनहीन भाजपा सरकार कुछ सुनने को तैयार नहीं है। किसानों की मांगे पूरी करने के बजाए उन्हें गाड़ियों से कुचला जा रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री किसानों के खिलाफ लाठियां उठाने की बात करते हैं। विपक्ष को किसानों के हित में आवाज उठाने से रोका जा रहा है। किसानों से मिलने जा रही प्रियंका गांधी को बिना किसी कारण हिरासत में रखा गया। सरकार के इस रवैये को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में सभी राज्यों में किसान भाजपा का विरोध कर सत्ता से हटाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाकियू अंबावता की उत्तराखण्ड इकाई का पुर्नगठन कर संगठन को चुस्त दुरूस्त बनाया जा रहा है। शनिवार को प्रदेश व जिला इकाईयों के नए पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव रामपाल, रोबिन पंवार, निसार अहमद, सुनीता नोटियाल, रश्मि चैधरी, मीरा धीमान, सपना चैधरी, सुभाष नंबरदार, रमन सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष सागर सिंह, राव इरशाद, परविन्दर सिंह, दिनेश वालिया, फरमान त्यागी आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *