Politics

सुराज सेवादल ने की हाथरस की बलात्कार पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग

विक्की सैनी

बलात्कारियों का एनकाउंटर करे यूपी सरकार-रमेश जोशी

हरिद्वार, 27 सितम्बर। सुराज सेवादल के कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में भगत सिंह चैक पर प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश के हाथरस में दुष्कर्म का शिकार हुई वाल्मिीकि समाज की युवती को न्याय दिलाने के लिए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रमेश जोशी ने कहा कि दलितों पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं। उ.प्र. के हाथरस जनपद में वाल्मिीकि समाज की बेटी के साथ दुष्कर्म करने के साथ उसे बुरी तरह मारा पीटा गया। आरोपियों ने बर्बर अत्याचार करते हुए उसकी जीभ काट दी, रीढ़ की हड्डी व हाथ पैर तक तोड़ दिए। इस समय पीड़िता अस्पताल में जिंदगी व मौत के बीच झूल रही है। लेकिन पुलिस आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जोशी ने कहा कि पूरे देश में दलितों पर अत्याचार लगातर बढ़ रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि आरोपियों का तत्काल एनकाउंटर किया जाए। जिससे अपराधियों में खौफ पैदा हो और अपराधों पर अंकुश लग सके। साथ ही पीड़िता के परिवार को पर्याप्त मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। यदि पीड़िता को इंसाफ नहीं मिला तो सुराज सेवादल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जिला अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि देश भर में महिलाओं के साथ बलात्कार, लूट, अपहरण की घटनाएं बढ़ रही हैं। सरकारें इसे रोकने में नाकाम सिद्ध हो रही है। इसके अलावा युवाओं को रोजगार, शिक्षा स्वास्थ्य, महंगाई, भ्रष्टाचार, दलित उत्पीड़न जैसे तमाम मुद्दों पर भी सरकार विफल हो चुकी है। उ.प्र.हाथरस में दलित समाज की बेटी के साथ हुई घटना पूरे समाज को शर्मसार करने वाली है। अपराधी अभी तक पकड़ से बाहर हैं। यूपी सरकार को दलित युवती के साथ बर्बरता करने वाले अपराधियों का एनकाउंटर कर उन्हें करनी का दण्ड देना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में हरवीर सिंह, सचिन, अभिनव शंखधर, राजकुमार, रविन्द्र राणा, ज्योति, प्रविन्द्र, गोकुल डबराल, एमडी गैरोला, विक्की, संदीप शर्मा, पंकज, हन्नी, मोनू आदि सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *