Dharm

मां जगदंबा की कृपा से होता है विश्व का संचालन-स्वामी सोमेश्वरानन्द गिरी

हरिद्वार, 2 अप्रैल। श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वरानन्द गिरी महाराज ने कहा है कि वेदों और पुराणों की रक्षा और दुष्टों के दलन के लिए मां जगदंबा का अवतरण हुआ है। मां जगदंबा की कृपा से सारे विश्व का संचालन होता है और उनके अलावा कोई अविनाशी नहीं है। बैरागी कैंप स्थित शंकराचार्य आश्रम में चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर 51 पंडितों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ कर मां भगवती की आराधना की गई। इस दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी सोमेश्वरानंद गिरी महाराज ने कहां कि शक्ति संप्रदाय में मां भगवती दुर्गा को ही दुनिया की पराशक्ति और सर्वोच्च देवता माना गया है। जो बहुत ही ममतामई और करुणामई है और अपने भक्तों पर सदा ही करुणा बरसाती हैं। जिस प्रकार माता अपने पुत्रों से हमेशा स्नेह रखती हंै। उसी प्रकार देवी भगवती अपनी शरण में आए हुए सदाचारी लोगों पर सदैव कृपा बरसाती हैं। जो श्रद्धालु भक्त मां भगवती की शरण में आ जाता है। उसका स्वयं ही कल्याण हो जाता है। स्वामी सोमेश्वरानंद गिरी महाराज ने कहा कि नवरात्र में मां दुर्गा की विशेष पूजा विशेष फलदाई होती है। क्योंकि नवरात्रि ही ऐसा पर्व है। जिसमें महाकाली, महालक्ष्मी और मां सरस्वती की साधना करके जीवन को सार्थक किया जा सकता है। मां भगवती दुर्गा को जगत जननी भी कहा जाता है और वही पूरे संसार को उत्पन्न करने वाली हैं। इसलिए सभी को सच्चे मन से संपूर्ण नवरात्रि मां दुर्गा की आराधना करते हुए सतकर्मों का संकल्प लेना चाहिए। क्योंकि सात्विक जीवन जीने वाले की मां हर कठिनाई दूर करके सुख समृद्धि प्रदान करती है और उसके जीवन की सभी दुश्वारियां दूर हो जाती हैं। देवी भगवती दुर्गा सभी देवी देवताओं के अंशु से उत्पन्न और शृंगारित है और सभी देवताओं में सर्वाधिक बलशाली हंै। एकमेव देवी की आराधना से सभी देवता प्रसन्न होते हैं। इस प्रकार देवी परम कल्याणकारी व महाशक्ति स्वामिनी है। जिन की कृपा से हर एक कार्य सहज व सरल रूप से संपन्न हो जाता है। इसलिए सभी को मां भगवती का पूजन सच्चे और सात्विक मन से अवश्य करना चाहिए इसी में सब कुछ समाहित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *