Dharm

श्री गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर शोभायात्रा आयोजित,संतों ने किया स्वागत

विश्व की बलिदानी परंपरा में अमर रहेगा गुरु गोबिंद सिंह का नाम- महंत शिवम्

हरिद्वार। श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष में पंचपुरी के समूह गुरुद्वारों की प्रबंधक कमेटियों द्वारा गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा ललतारों पुल से महानगर कीर्तन शोभा यात्रा निकाली गई। रेलवे स्टेशन रोड स्थित श्री साधु गरीबदासीय सेवाश्रम ट्रस्ट पर युवा भारत साधु समाज के संतो द्वारा शोभा यात्रा का फूल माला पहनकर स्वागत किया गया। इस दौरान युवा संतो ने नगर कीर्तन में मौजूद पंज प्यारों एवं संतों को फूल माला पहनकर प्रकाश पर्व की बधाई प्रदान की। इस अवसर पर युवा भारत साधु समाज के अध्यक्ष महंत शिवम् महाराज एवं महामंत्री स्वामी रविदेव शास्त्री ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह विश्व की बलिदानी परंपरा में भक्ति तथा शक्ति के अद्वितीय संगम थे। उन्होंने अन्याय अत्याचार को खत्म करने के लिए समस्त परिवार का बलिदान दिया और धर्म की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। राष्ट्र निर्माण एवं धर्म के संरक्षण संवर्धन में उनका योगदान हमेशा ऐतिहासिक रहेगा। महंत निर्मल दास एवं संत जगजीत सिंह महाराज ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन धर्म रक्षा, न्याय वीरता, पराक्रम और शिक्षा से परिपूर्ण था। युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना सहयोग सुनिश्चित करना चाहिए।

महंत सूरज दास एवं महंत योगेंद्रानंद शास्त्री महाराज ने कहा कि विश्व की बलिदानी परंपरा में गुरु गोबिंद सिंह जी का नाम हमेशा अमर रहेगा। नगर संकीर्तन द्वारा समाज को बलिदानी महापुरुषों का स्मरण होता है। साथ ही उनके जीवन परिचय से भी समाज परिचित रहता है। संत अनादि काल से धर्म के संरक्षण संवर्धन के लिए अपना जीवन समर्पित करते आये हैं और आगे भी करते रहेंगे। इस दौरान महंत सुतिक्षण मुनि, महंत विवेकानंद, महंत रामानंद, महंत मोहन सिंह, महंत तीरथ सिंह, आत्मयोगी देव, महंत कन्हैया दास, स्वामी कृष्णानंद स्वामी नित्यानंद, महंत गुरमीत सिंह महंत ओमानंद, महंत गोविंद दास, महंत कामेश्वर पुरी, मंहत प्रेमदास सहित कई संत महापुरुष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *