Dharm

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया

संत महापुरूषों के आशीर्वाद से विश्व गुरू बनेगा भारत-शिवराज सिंह

हरिद्वार, 3 दिसम्बर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भूपतवाला स्थित अखंड परम धाम पहुंचकर राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बरसों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में प्रभु श्री राम लला के भव्य मंदिर का निर्माण होने जा रहा है। प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर विश्व दर्शनीय एवं विश्व वंदनीय होगा और युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज के सानिध्य में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को और गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि संत महापुरुषों के तपोबल से पूरे विश्व में भारत की एक अलग पहचान है और महापुरुषों के आशीर्वाद से ही भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर हो रहा है। युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज ने कहा कि प्रभु श्रीराम जन-जन के आराध्य हैं और प्रत्येक भारतवासी के हृदय में विराजमान हैं। अयोध्या में निर्माणाधीन प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के लिए सभी को आगे आना चाहिए। आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए अनेकों संतों और राम भक्तों ने बलिदान दिया। तब कहीं जाकर आज प्रभु श्री राम का मंदिर निर्मित हो रहा है। पूज्य गुरुदेव युगपुरुष स्वामी परमानंद ने लंबे समय तक राम मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन किया और वर्तमान समय तक मंदिर निर्माण के लिए अपने जीवन को न्यौछावर किया। समस्त संत समाज उनका आभारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण से पूरे विश्व को धर्म का एक सकारात्मक संदेश प्राप्त होगा और अयोध्या सहित पूरे देश की दशा और दिशा बदलेगी। इस अवसर पर स्वामी ज्योर्तिमयानंद गिरी, आचार्य मनीष जोशी, स्वामी सुरेश पुरी, स्वामी नत्थीनंद गिरी स्वामी मोनू गिरी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *