Dharm

संसार की पालनकर्ता हैं देवी भगवती-राजमाता आशा भारती

हरिद्वार, 8 अप्रैल। निराला धाम की अध्यक्ष राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा है कि नवरात्रि पर्व में देवी भगवती की आराधना से मां के नौ स्वरूपों का आशीर्वाद साधक को प्राप्त होता है जो श्रद्धालु भक्त मां की शरण में आ जाता है। मां उसके सभी कष्टों को दूर कर उसे मनवांछित फल प्रदान करती है। भूपतवाला स्थित निराला धाम आश्रम में नवरात्रि की सप्तमी पर श्रद्धालु भक्तों को मां की महिमा का सार समझाते हुए राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि हम सभी को मां की उपासना अवश्य करनी चाहिए। शक्ति स्वरूपा देवी भगवती संसार की पालनकर्ता हैं जो अपने भक्तों का संरक्षण कर उन्हें सुख समृद्धि प्रदान करती हैं। वास्तव में नवरात्र पर्व स्वयं को मां की कृपा का पात्र बनाने का पर्व है। जो व्यक्ति इस बात को समझ लेता है। उसकी अंतःकरण की शुद्धि तो होती ही है साथ ही जीवन उन्नति की ओर अग्रसर रहता है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी लहरी बाबा एक महान संत थे। जिनकी प्रेरणा से प्रतिवर्ष आश्रम में नवरात्र पर्व धूमधाम से मनाया जाता है और देवी स्वरूपा कन्याओं की पूजा की जाती है। उन्होंने बताया कि विश्व कल्याण के लिए 11 ब्राह्मणों द्वारा आश्रम में यज्ञ अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। जिसकी पूर्णाहुति पर नवरात्रि पर्व संपन्न होगा और देश में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलजुल कर बालिकाओं के संरक्षण संवर्धन के प्रति जागरूक रहकर औरों को भी इसके लिए प्रेरित करना होगा तभी एक सशक्त समाज का निर्माण हो सकता है। राजमाता आशा भारती के कृपा पात्र शिष्य स्वामी नित्यानंद ने बताया कि आश्रम का 13वां वार्षिक महोत्सव 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक निराला धाम मंदिर पानीपत में मनाया जाएगा। जिसमें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी आदि राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त सम्मिलित होंगे। वार्षिक महोत्सव में सुंदर कांड का पाठ व संतों के प्रवचन आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *