Dharm

बैरागी संतो ने केंद्र सरकार से गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की

गौमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करे सरकार-श्रीमहंत धर्मदास
हरिद्वार, 15 सितंबर। बैरागी संतो ने केंद्र सरकार से गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की है। भूपतवाला स्थित माता वैष्णो देवी शक्ति पीठ आश्रम में हुई बैठक में अखिल भारतीय श्री पंच निर्वाणी अनी अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धर्मदास महाराज ने कहा कि गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए। करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक गौमाता में 33 करोड़ देवी देवताओं का वास होता है और तीनों लोकों के देवी देवता विद्यमान रहते हैं। केंद्र सरकार को संत महापुरुषों की मांग का सम्मान करते हुए गौमाता को जल्द से जल्द राष्ट्रीय पशु घोषित करें और गौ संरक्षण के लिए कड़ा कानून बनाया जाए। ताकि संपूर्ण देश में गौ हत्या पर रोक लग सके। अखिल भारतीय श्रीपंच निर्माेही अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्र दास महाराज ने कहा है कि गौ माता के दर्शन मात्र से ही व्यक्ति को सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है और गौ माता के नेत्रों में प्रकाश स्वरूप भगवान सूर्य तथा चंद्रदेव का निवास होता है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। इस महत्व को समझते हुए केंद्र सरकार को जल्द से जल्द गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए। आज देश में कई जगह पर गौ हत्या कर गौ मांस का व्यवसाय किया जा रहा है जो कि अधर्म का कार्य है। सरकार को कड़ा गौ संरक्षण कानून बनाने के साथ ही गौ संवर्धन के लिए भी सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। जिससे गौमाता और गोवंश का संरक्षण भली-भांति हो सके। बाबा हठयोगी एवं महंत दुर्गादास महाराज ने कहा कि कामधेनु के रूप में गौ माता सभी की इच्छाए पूर्ण करती है और उनका निवास भी गोलोक है। उन्होंने कहा कि जब ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी तब सर्वप्रथम गौ माता को पृथ्वी पर भेजा था। सनातन प्रेमियों की भावनाओं का सम्मान देते हुए सरकार को जल्द से जल्द गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित कर उनके संरक्षण संवर्धन के उपाय निकालने चाहिए ।उन्होंने कहा कि जल्द ही बैरागी संतों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर गौ संरक्षण कानून की मांग करेगा और पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री को भी गौ संरक्षण कानून के लिए मांग की जाएगी। महंत प्रह्लाद दास महाराज ने कहा कि देश में लगातार कुछ असामाजिक तत्व गौ हत्या कर सनातन धर्म पर कुठाराघात कर रहे हैं। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौ माता अपने अंदर सारे पापों को समा कर संपूर्ण वातावरण को सकारात्मक रूप से परिपूर्ण कर देती है और वह पूजा से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। आज लाखों संत महापुरुष आश्रमों एवं गौशालाओं में गाय का संरक्षण संवर्धन करने में जुटे हुए हैं। सरकार को गौ सेवा के लिए आर्थिक रूप से संत समाज का सहयोग करना चाहिए। साथ ही संत समाज के साथ मिलकर जल्द से जल्द गौ संरक्षण कानून के लिए विचार करना चाहिए। इस दौरान नागा महंत सुखदेव दास, महंत सूरज दास, ब्रह्म बाबा, महंत शिवानंद, महंत गोविंद दास, महंत रघुवीर दास, महंत बिहारी शरण आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *