Crime

बैरागी कैंप में चल रहे शराब व स्मैक के कारोबार पर रोक लगाए पुलिस -सुनीता आर्य

राकेश वालिया
हरिद्वार, 03 नवंबर। मां गंगा शक्ति महिला संगठन की पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बैठक कर पुलिस प्रशासन से बैरागी कैंप क्षेत्र में अवैध शराब व स्मैक के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है। शंकराचार्य आश्रम में हुई संगठन की बैठक को संबोधित करते हुए संरक्षक व आश्रम के परमाध्यक्ष म.म.स्वामी सोमेश्वरानन्द गिरी महाराज ने कहा कि बैरागी कैंप अवैध शराब व स्मैक के कारोबार का गढ़ बनता जा रहा है। आसानी से उपलब्ध हो रहे नशे की लत का शिकार हो रही युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर जा रही है। युवाओं के नशे का आदि होने से कई परिवार भी बर्बाद हो चुके हैं। अवैध शराब व स्मैक बेचने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे आश्रम के सामने खड़े होकर ही अवैध धंधे का संचालन करते हैं। मना करने व टोकने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द से जल्द नशे के कारोबार पर रोक नहीं लगायी तो संत समाज व स्थानीय लागों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। मां गंगा शक्ति महिला संगठन की अध्यक्ष सुनीता आर्य ने कहा कि बैरागी कैंप में शराब के साथ स्मैक का कारोबार भी खुलेआम चल रहा है। मेहनत मजदूरी करने वाले लोग अपनी कमाई नशे पर लूटा रहे हैं। पुरूषों के नशे का आदि होने से परिवारों में कलह बढ़ रही है। बिना किसी रोकटोक के चल रहे नशे के अवैध कारोबार से महिलाएं सर्वाधिक प्रभावित हो रही हैं। शराब व स्मैक के नशे में झूमते लोगों की महिलाओं का घरों से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। यदि पुलिस ने नशे के कारोबार पर रोक नहीं लगायी तो अपने परिवारों को बचाने के लिए संगठन से जुड़ी महिलाएं धरना प्रदर्शन व भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगी। स्वामी अखण्डानंद व स्वामी चेतनानंद गिरी महाराज ने कहा कि बैरागी कैम्प संत महात्माओं की तपस्थली कहलाई जाती है। इस स्थान पर शराब व स्मेक के धंधा करने वालों को कतई बक्षा नहीं जायेगा। पार्षद सुरेश शर्मा ने कहा कि शराब व स्मैक का अवैध कारोबार बैरागी कैंप के लिए अभिशाप बन गया है। इस पर तत्काल रोक लगायी जानी चाहिए। बैठक में संगठन की कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे थाना कनखल प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने संतों व महिलाओं को आश्वासन देते हुए कहा कि शराब व स्मैक के कारोबार पर रोक लगाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान मेला कार्यो के संबंध में आश्रम पहुंचे अपर मेला अधिकारी हरबीर ंिसंह व पार्षद सुरेश शर्मा का म.म.स्वामी सोमेश्वरानन्द गिरी महाराज ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। बैठक में पुष्पा भारद्वाज, किरण सहगल, कविता, मुखर्जी, ममता शर्मा, पूजा नौटियाल, पूजा शर्मा, शालिनी, संतोष नौटियाल, जैमिनी, संजीता शर्मा के अलावा स्वामी अखण्डानन्द गिरी, स्वामी चेतनानन्द गिरी, स्वामी सेवानन्द कोठारी, रामपाल बेदी, अजय राजपूत, लक्ष्मण कटारिया, स्वामी अद्यवेदानन्द गिरी, स्वामी संगम गिरी, स्वामी नन्द किशोर गिरी आदि संत भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *