Politics

गंदा पानी आने से गुस्साए लोगों ने किया जल संस्थान कार्यालय का घेराव

विक्की सैनी

हरिद्वार, 17 जुलाई। ज्वालापुर के कस्साबान में नलों से गंदा पानी आने पर गुस्साए क्षेत्र निवासियों ने पार्षद सुहेल अख्तर के नेतृत्व में जल संस्थान के कार्यालय पहुंचकर अपर सहायक अभियंता का घेराव कर समस्या दूर करने की मांग की। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने जल संस्थान के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की। पार्षद सुहेल अख्तर ने कहा कि जल संस्थान के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। बताए जाने के बाद भी समस्याओं को दूर नहीं किया जा रहा है। काफी समय से कस्साबान क्षेत्र में नलों से गंदा पानी आने की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया। लेकिन इसके बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया। गंदा पानी पीने से लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। गंदे पानी के साथ साथ घरों में जलापूर्ति भी नहीं हो पा रही है। रोजमर्रा के घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्र निवासी बार बार गंदा पानी आने की समस्या को दूर करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही जलापूर्ति बाधित होने के कारण निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पाईप लाईन जगह जगह लीकेज हो रही हैं। जिससे नलों में गंदा पानी आ रहा है। कई जगहों पर सीवर की पाईप लाईन के निकट ही पानी की लाईनें भी बिछायी गयी हैं। जिन कारणों से गंदा पानी आने की समस्या से क्षेत्र निवासी अर्से से जूझ रहे हैं। तत्काल समस्या का निस्तारण किया जाए। पुनीत कुमार व सुनील कड़च्छ ने कहा कि जल संस्थान लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा है। नलों में गंदा पानी आने से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। अधिकारी बजट ना होने की बात कहकर क्षेत्र निवासियों को टाल देते हैं। उपनगरी ज्वालापुर के कई वार्डो में पानी की पाईप लाईनें जर्जर हो चुकी हैं। भाजपा के जनप्रतिनिधि विकास के दावे तो करते हैं। लेकिन मूलभूत सुविधाओं को हल करने में कोई रूचि नहीं ले रहे हैं। जल संकट अनेकों वार्डो में बना हुआ है। लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। अपर सहायक अभियंता परवेज आलम ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। विभिन्न योजनाओं के चलते हो रही खुदाई के कारण समय लग रहा है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में इसरार, सैफ अली, आहद, सनव्वर, राशिद, सलमान, शोहेब, आकिब, राशिद अली, मेहराज आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *