Politics

2020 का भारत हर मोर्चे पर सशक्त – जनरल वीके सिंह

विक्की सैनी
भारत की बात बेविनार सीरीज में किया प्रतिभाग
हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हरिद्वार विभाग द्वारा भारत की बात बेविनार सीरीज का प्रारंभ करते हुए भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख व केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा कई आधार पर सुनिश्चित की जाती है। देश की बाहरी व आंतरिक सुरक्षा के अलावा आर्थिक, पर्यावरण, साइबर सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। इन सब को ध्यान में रखकर ही राष्ट्रीय सुरक्षा नीति बनाई जाती है। भारत 1962 से कहीं अधिक मजबूत व सशक्त हुआ है। आज का भारत 2020 का भारत है। आज हम हर मोर्चे पर सफलता पूर्वक खड़े हैं। 1962 में हमे कमजोर नीति का खामियाजा भुगतना पड़ा ,जबकि 1965 की तैयारियों का लाभ 1967 में मिला। तब से लगातार देश की ताकत बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिकी देश की सुरक्षा पर गहरा प्रभाव डालती है, इसी तरह पर्यावरण किस सुरक्षा भी बहुत जरूरी है। पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी देश सुरक्षित है। नए तौर पर साइबर सुरक्षा भी एक महत्त्वपूर्ण विषय है आज सब कुछ साइबर से जुड़ा है। इसकी सुरक्षा जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारत की कूटनीतिक सफलता का ही नतीजा है कि हमारे दोनों पड़ोसी चीन और पाकिस्तान जितने भी षड्यंत्र रचते हैं। वह विफल ही होते हैं। साथ ही पूरे विश्व में अलग-थलग पड़ जाते है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान जब तक कंगाल नही हो जाएगा तब तक वह बाज आने वाला नही है। वही चीन को हमारी कमजोर नीति के कारण ही बल मिला। चीन से भारत की सीमा कभी नही लगती थी। चीन ने तिब्बत पर कब्जा किया जिसके कारण हमारी सीमाएं चीन से मिल गई। चीन अपनी विस्तारवादी नीति के चलते लगातार अपने पड़ोसियों पर सीमा विवाद करता रहता है।
जनरल सिंह ने देश के अलगावादी नेताओ पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में आंतरिक सुरक्षा को अस्थिर करने वालो के कारण विदेशी ताकतों को बल मिलता है। आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने सभी देशवासियों को जागरूक रहने का आह्वान किया। घुसपैठ को देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताते हुए उन्होंने कहा कि घुसपैठ को हर सम्भव प्रयास करके रोका जाना चाहिए। वीके सिंह ने धर्म, जाति के नाम पर लोगों को उकसाकर दंगे कराने वालों पर कड़ी कार्यवाही की बात कही। एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि मीडिया के लिए आचार संहिता लागू होनी चाहिए। देश की सुरक्षा, तैयारियों से सम्बंधित समाचारों को बढ़ा-चढ़ा के टीवी पर दिखाना सही नही है। इसके देश में भयाभय का माहौल बनाता है।
कार्यक्रम के अंत मे आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम् सिंह ने जनरल वीके सिंह का कार्यक्रम में आने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा देश की सेना के साथ ही प्रत्येक नागरिक का धर्म है। उन्होंने कहा कि हमे अपने देश के प्रति कर्तव्यों का बोध रहना चाहिए। चीन जैसे पड़ोसियों की कमर तोड़ने के लिए उन्होंने कहा कि हम सब तो सीमा पर जाकर नही लड़ सकते लेकिन चीन की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए उसके सस्ते सामना का बहिष्कार कर सकते है। भारत की बात में अतिथियों का परिचय विभाग प्रचार प्रमुख विपिन कर्णवाल ने किया। इस मौके पर अभिषेक वर्मा, अमित शर्मा, विकास तिवारी, राहुल सारस्वत ,अभिषेक जमदग्नि आदि का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *