Dharm

अमोघ फल प्रदान करती है भगवान शिव की आराधना-जगद्गुरू स्वामी अयोध्याचार्य महाराज

हरिद्वार, 12 अगस्त। नरसिंह धाम के परमाध्यक्ष जगद्गुरू स्वामी अयोध्याचार्य महाराज ने कहा कि सदाशिव महादेव की अराधना सदैव कल्याणकारी होती है। मात्र जलाभिषेक से ही प्रसन्न होकर भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करने वाले भगवान शिव की आराधना अमोघ फल प्रदान करती है। भगवान शिव के निमित्त आयोजित किए जा रहे विशेष अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी अयोध्याचार्य महाराज ने कहा कि भगवान शिव की आराधना व पूजन कभी भी किया जा सकता है। लेकिन श्रावण मास भगवान शिव को विशेष प्रिय है। अत्यन्त पवित्र श्रावण मास में श्रद्धालुओ को भगवान शिव व माता पिता पार्वती का ध्यान करते हुए दूध, दही, शहद, भांग, धतूरा, पुष्प आदि अर्पित कर जलाभिषेक अवश्य करना चाहिए। ऐसा करने से भगवान शिव अत्यन्त प्रसन्न होते हैं और भक्त के सभी कष्टों का निवारण कर सुख समृद्धि प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होने वाले भगवान शिव ही सृष्टि के रचियता व संहारक हैं। संपूर्ण सृष्टि शिव में ही समाहित है। नियमित रूप से भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजन करने वाले भक्त के जीवन के सभी कष्ट शिव कृपा से दूर हो जाते हैं और जीवन भवसागर से पार हो जाता है। प्रत्येक कार्य में सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि लोकल्याण व कोरोना महामारी के प्रकोप को शांत करने के लिए आश्रम में भगवान शिव के निमित्त विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया गया है। पूरे सावन चलने वाले अनुष्ठान में विद्वान पुरोहितों के सानिध्य में प्रतिदिन रूद्राभिषेक व विशेष पूजन कर देश दुनिया से कोरोना महामारी समाप्त करने की प्रार्थना की जा रही है। सदाशिव की कृपा से जल्द ही देश दुनिया को कोरोना महामारी से राहत मिलेगी और पहले की तरह मानव जीवन खुशहाल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *