Dharm

श्री हरेराम आश्रम में संतों ने किया गोला साहेब का पूजन

कभी-कभी अवतरित होते हैं ब्रह्मलीन स्वामी असंगानंद जैसे महापुरूष-स्वामी कपिल मुनि

हरिद्वार, 17 जून। ब्रह्मलीन महामण्डलेश्वर स्वामी असंगानंद महाराज की 50वीं पुण्य तिथी के अवसर पर कनखल स्थित श्री हरेराम आश्रम में मनाए जा रहे स्वर्ण जयंती समारोह के पहले चरण के कार्यक्रमों के संपन्न होने पर श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन की भ्रमणशील जमात के रमता पंचो के सानिध्य में आश्रम में गोला पूजन किया गया और विश्व कल्याण की कामना करते हुए संतों ने देश में एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर श्री हरेराम आश्रम के अध्यक्ष महामण्डलेश्वर स्वामी कपिल मुनि महाराज ने भ्रमणशील जमात के रमता पंचो और सभी संत महापुरुषों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूज्य गुरूदेव ब्रह्मलीन स्वामी असंगानंद महाराज की स्मृति में वर्तमान वर्ष को स्वर्ण जयंती वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और तीन कथाओं सहित कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। स्वामी कपिल मुनि महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी असंगानंद महाराज जैसे महापुरूष कभी-कभी ही अवतरित होते हैं। जिनके स्मरण मात्र से ही गौरव की अनूभूति होती हैं। वे सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें महान गुरूओं का सानिध्य व आशीर्वाद प्राप्त हुआ। आज भी आत्मिक रूप से उन्हें गुरूजनों का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। गुरूजनों से प्राप्त शिक्षाओं के अनुरूप ही वे धर्म प्रचार व सेवा कार्यो में अपनी भूमिका का निर्वाह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत परंपरा भारत को आज पूरे विश्व में गौरवान्वित कर रही है। जगतगुरु भगवान श्रीचंद्र, स्वामी विवेकानंद सरस्वती और रामकृष्ण परमहंस जैसे विद्वान महापुरुषों ने भारतीय संस्कृति का परचम पूरे विश्व में फहराया है। उन्हीं की प्रेरणा से संत समाज धर्म के संरक्षण संवर्धन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करता रहा है। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के श्रीमहंत रघुमुनि महाराज ने कहा कि संत महापुरुष गोला साहेब की प्रेरणा से भारत ही नहीं अपितु पूरे विश्व में भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म का प्रचार प्रसार कर रहे हैं और समाज में फैली कुरीतियों को दूर कर समाज का मार्गदर्शन करने में संत समाज ने हमेशा ही अग्रणी भूमिका निभाई है। महामंडलेश्वर स्वामी कपिल मुनि महाराज विद्वान एवं तपस्वी संत हैं। जो सनातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए अपने गुरु के नाम को गौरवान्वित कर रहे हैं। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के मुखिया महंत दुर्गादास महाराज ने कहा कि अखाड़े की भ्रमणशील जमात के रमता पंचों के सानिध्य में गोला साहेब के पूजन का अवसर सौभाग्य से प्राप्त होता है। संतों का जीवन सदैव राष्ट्र कल्याण के लिए समर्पित रहता है पवित्र गोला साहेब भगवान सभी संतो को राष्ट्र कल्याण के लिए प्रेरित करते हैं। स्वामी कपिल मुनि महाराज ने अपने तप और विद्वत्ता के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन करने साथ अपने गुरु के अधूरे कार्यों को पूरा करते हुए आश्रम के सेवा प्रकल्पों में निरंतर वृद्धि की है और यही सच्चे महापुरुष की पहचान है कि वह युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें। महामण्डलेश्वर स्वामी दिव्यांबर मुनि महाराज एवं महामण्डलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि गुरूजनों की महिमा अपरंपार है। गुरू जनों के आशीर्वाद व कृपा से प्रत्येक कार्य में सफलता मिलती है। सभी को अपने गुरू जनों का आदर करते हुए उनके दिखाए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। मुखिया महंत दुर्गादास, स्वामी वेदानंद, श्रीमहंत अद्वैतानंद, महंत दामोदर दास, महंत हंसराम दास, महंत दामोदर शरण दास, महंत सुतिक्ष्ण मुनि, महंत कृष्ण मुनि, महंत रामसागर मुनि, साध्वी प्रभा मुनि, महंत दर्शनदास, महंत जयेंद्र मुनि, स्वामी केशव मुनि, महंत प्रेमदास, महंत प्रकाश मुनि, महंत गोविंददास, महंत शुभम गिरी, स्वामी परमेश्वर मुनि ने सभी संत महापुरूषों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्तों द्वारा किए गए भगवान श्रीचंद्र के नारों के जयघोष से श्री हरेराम आश्रम गुंजायमान हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *