Dharm

मनवांछित फल प्रदान करते है नागेश्वर महादेव भगवान शिव-राजमाता आशा भारती

हरिद्वार, 28 जनवरी। निराला धाम आश्रम की अध्यक्ष राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा है कि देवों के देव महादेव त्रिनेत्र धारी भगवान शिव भक्तों की सूक्ष्म आराधना से प्रसन्न होकर उन्हें मनोवांछित फल प्रदान करते हैं। जो श्रद्धालु भक्त आशा लेकर नागेश्वर महादेव के निमित्त आते हैं। भगवान आशुतोष उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। भूपतवाला स्थित निराला धाम आश्रम में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले 41 दिवसीय विराट शिवशक्ति महायज्ञ के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन निराला स्वामी लहरी बाबा महाराज द्वारा विश्व कल्याण के लिए प्रारंभ किए गए शिवशक्ति महायज्ञ से देश में नई ऊर्जा का संचार होता है और प्राणियों में सद्भावना जागृत होती है। उन्हीं की प्रेरणा से प्रतिवर्ष विश्व कल्याण के लिए यह यज्ञ आयोजित किया जाता है। नागेश्वर महादेव गद्दी पर आने वाले सभी श्रद्धालु भक्त भगवान शिव की शरण में पहुंचते हैं और उनका कल्याण अवश्य ही निश्चित होता है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी लहरी बाबा एक विद्वान एवं तपस्वी महापुरुष थे। जिन्होंने सनातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म के प्रचार प्रसार में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया और गंगा तट से अनेकों सेवा प्रकल्प चलाकर राष्ट्र को मानव सेवा का संदेश दिया। समाज कल्याण में उनका अहम योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। राजमाता आशा भारती के कृपा पात्र शिष्य स्वामी नित्यानंद ने बताया कि पूज्य गुरुदेव राजमाता आशा भारती विश्व कल्याण के लिए प्रतिदिन पांच यज्ञ करती हैं और अपनी कठोर साधना के माध्यम से भक्तों के कल्याण के लिए 41 दिन नागेश्वर महादेव गद्दी पर आसन ग्रहण करती हैं। उन्होंने कहा कि संत महापुरुषों के तपोबल से भारत विश्व में एक अलग स्थान रखता है और संत महापुरुषों के आशीर्वाद से ही भारत एक बार फिर से विश्व गुरु बनेगा। उन्होंने सभी श्रद्धालु भक्तों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *