Dharm

अखिल भारतीय संत समिति के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बने महंत अमनदीप सिंह

हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल की एक्कड़ कला शाखा के महंत अमनदीप सिंह महाराज को अखिल भारतीय संत समिति ने दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। निर्मल पीठाधीश्वर श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज, उन्नाव सांसद साक्षी महाराज, स्वामी अविचल दास, स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती के तत्वाधान में दिल्ली में आयोजित संत सम्मेलन के दौरान घोषणा की गई। प्रेस को जारी बयान में महंत अमनदीप महाराज ने कहा कि जो दायित्व उन्हें संत समिति ने सौंपा है वह उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। राष्ट्र को उन्नति की ओर अग्रसर करना और धर्म के नए आयाम स्थापित करना ही संत समाज का मूल उद्देश्य है। अखिल भारतीय संत समिति धर्म के संरक्षण संवर्धन में अपना सहयोग सुनिश्चित करती चली आ रही है। आगे भी संत समाज द्वारा समिति के माध्यम से राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने के लिए क्रियाकलाप जारी रहेंगे।
निर्मल पीठाधीश्वर श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज ने कहा कि महंत अमनदीप सिंह महाराज ऊर्जावान एवं युवा संत हैं। वह सनातन धर्म के प्रचार प्रसार में अपना जीवन समर्पित कर रहे हैं। उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। कोठारी महंत जसविंदर सिंह एवं उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने महंत अमनदीप सिंह को बुके भेंट कर उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान किया। कहा कि महंत अमनदीप सिंह महाराज के निर्देशन में दिल्ली में संचालित समिति द्वारा सेवा प्रकल्प में निरंतर वृद्धि रहेगी। इस दौरान स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, स्वामी अविचल दास, महंत अरुण दास, महंत खेम सिंह, महंत निर्भय सिंह, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी हरिहरानंद, महंत सुतीक्ष्ण मुनि, महंत निर्मल दास, स्वामी ऋषिश्वरानंद, महंत शिवानंद, महंत सूरज दास, महंत दुर्गादास, महामनीषी निरंजन स्वामी, योगी सत्यव्रतानंद, जसकरण सिंह, संत तलविंदर सिंह, संत सुखमण सिंह, संत हरजोत सिंह, संत सिमरन सिंह सहित कई संत महापुरुषों ने महंत अमनदीप सिंह महाराज को शुभकामनाएं प्रदान करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *