Dharm

श्री गुरू मंडल आश्रम में निकाली गई भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा

भक्तों का कल्याण करते हैं भगवान जगन्नाथ-महाण्डलेश्वर स्वामी भगवत स्वरूप

हरिद्वार, 1 जुलाई। श्री गुरु मंडल आश्रम में संत समाज के सानिध्य में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा धूमधाम से निकाली गई। जिसमें श्रद्धालु भक्तों ने भजनों पर नृत्य किया और संत समाज से आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए श्री गुरु मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी भगवत स्वरूप महाराज ने कहा कि भगवान जगन्नाथ में भगवान विष्णु के सभी अवतारों के गुण हैं। जो अपने आशीर्वाद से समस्त जगत का कल्याण करते हैं। संत समाज द्वारा प्रतिवर्ष विश्व कल्याण के लिए रथ यात्रा का आयोजन किया जाता है। ताकि समाज में समरसता का भाव पैदा हो और भारत सहित विश्व भर में एक नई धार्मिक उर्जा का संचार हो। निर्मल पीठाधीश्वर श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज ने कहा कि भगवान जगन्नाथ सच्चे मन से शरण में आने वाले श्रद्धालु भक्तों को अपना आशीर्वाद प्रदान कर उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। जीवन में आने वाली किसी भी बाधा को जगन्नाथ भगवान की आराधना से ही दूर किया जा सकता है। भक्तों को रथ यात्रा द्वारा अपनी संस्कृति और संस्कारों का बोध होता है। संत समाज प्राचीन काल से ही अपने भक्तों को ज्ञान की प्रेरणा देकर उनके कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता चला आ रहा है। महामंडलेश्वर स्वामी भगवत स्वरूप महाराज वयोवृद्ध अवस्था में भी धर्म और संस्कृति के प्रचार प्रसार के लिए कार्य कर रहे हैं। जो संत समाज के लिए गौरव की बात है। महामंडलेश्वर स्वामी कपिल मुनि एवं महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा का दर्शन सौभाग्यशाली व्यक्ति को प्राप्त होता है जो जीवन में अपार खुशियां लाता है। भगवान जगन्नाथ कलयुग के प्रधान देव हैं। जो अपनी शरण में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु भक्तों का कल्याण कर उसके जीवन में सुख समृद्धि प्रदान करते हैं। सभी को भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना कर अपने कल्याण का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि जब जब धरा पर अत्याचार और दुराचार बढ़ता है तो भगवान किसी ना किसी रूप में धरती पर अवतार लेते हैं। भगवान जगन्नाथ भगवान विष्णु के अवतार भगवान श्रीकृष्ण का ही साक्षात रूप है। जिनके दर्शन मात्र से व्यक्ति का जीवन भवसागर से पार हो जाता है। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के रूप में संत समाज भी समाज कल्याण के लिए धर्म के मार्ग का अनुसरण करते हैं। भगवान के प्रति श्रद्धा और भाव भक्तों का बेड़ा पार लगाता है। धार्मिक रथ यात्रा व्यक्ति को जीवन में भगवान जगन्नाथ के वास्तविक दर्शन कराती है। व्यक्ति को इसका बोध होना चाहिए। इस अवसर पर महंत रूपेंद्र प्रकाश, स्वामी शिवानंद, महंत गंगादास, महंत दामोदर शरण दास, कथा व्यास स्वामी शिवानन्द, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी हरिहरानन्द, स्वामी विवेकानन्द, श्रीमहंत अद्धैतानंद, स्वामी दिनेश दास, महंत प्रेमदास, महंत सुरेश मुनि, महंत गोविंद दास, स्वामी विज्ञानानन्द, महंत भरतदास, महंत देवानन्द, स्वामी रामेश्वरानन्द सरस्वती, आचार्य जगदीश, गोपाल सहित बड़ी संख्या में संत महापुरूष व श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *