Crime

रूपयों के लेनदेन विवाद में महिलाओं में झगड़ा, ईंट मारकर महिला ने की हत्या

मामूली कहासुनी में उजड़े तीन घर, पड़ोस की महिलाओं में हो गया था विवाद

हरिद्वार/लक्सर। पड़ोस की महिलाओं के बीच हुए विवाद में दो महिलाओं ने एक महिला के सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर दोनों आरोपी महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
कोतवाली लक्सर अंतर्गत गंगदासपुर गांव निवासी सुमन का पड़ोस की महिला रेखा व कोमल के साथ 10 दिसंबर की शाम को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पहले तो उनकी आपस में कहासुनी होती रही। लेकिन देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया। बताया गया है कि दोनों महिलाओं ने सुमन को पकड़कर पहले तो खूब पीटा। बाद में एक ईंट उसके सिर पर दे मारी। जिससे वह लहूलुहान हो गई।

उसे अस्पताल में ले जाया गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवाया। घटना के संबंध में मृतका सुमन के पति सोमवीर ने दोनों महिलाओं के खिलाफ पत्नी की हत्या की तहरीर दी है। जिसमें उसने बताया कि एक महिला ने उसकी पत्नी को पकड़ा। जबकि दूसरी महिला ने ईंट से उसके सिर पर वार किए। जिससे उसकी पत्नी की मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि सोमवीर की तहरीर पर आरोपी महिला रेखा व कोमल निवासी गंगदासपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

गंगदासपुर गांव में समूह के पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने तीन घरों को उजाड़ दिया। विवाद में एक महिला की मौत हो गई। जबकि मृतका और हत्यारोपी दोनों महिलाएं आपस में काफी अच्छी सहेलियां थीं।
गंगदासपुर गांव निवासी सुमन की पड़ोस की महिला रेखा व कोमल के साथ काफी गहरी दोस्ती थी। ग्रामीणों के मुताबिक घर पर होने वाले किसी भी प्रकार के आयोजन में तीनों सगी बहनों की तरह से नजर आती थीं। जरूरत में एक दूसरे के काम आया करती थीं। लेकिन उनके बीच पिछले कई दिनों से समूह के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद सुमन की मौत का कारण बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *