Dharm

सदैव कल्याणकारी होती है भगवान शिव की आराधना-स्वामी कैलाशानंद गिरी

हरिद्वार, 8 अगस्त। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने विभिन्न प्रकार के फूलों व द्रव्यों से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विश्व कल्याण की कामना करते हुए कहा कि महादेव भगवान शिव की आराधना सदैव कल्याणकारी होती है। श्रावण माह भगवान शिव को प्रसन्न कर उनकी कृपा प्राप्त करने का सबसे बेहतर अवसर है। श्रावण में प्रतिदिन विधि विधान से भगवान शिव का पूजन व जलाभिषेक करने पर उनकी कृपा सदैव बनी रहती है। शिव कृपा से साधक के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। जीवन के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में की गयी शिव उपासना सहस्त्र गुणा पुण्य फलदायी होती है। भगवान शिव पर दूध, दही, भांग, धतूरा आदि अर्पित करने से भगवान साधक पर प्रसन्न होते हैं और उसे अपनी कृपा का पात्र बना लेते हैं। भक्त की सूक्ष्म आराधना से ही भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होकर मनवांछित फल प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में भक्तों को भगवान शिव का जलाभिषेक अवश्य करना चाहिए। भक्तों की सभी मनोकामनाएं भोलेनाथ की कृपा से पूर्ण होती हैं। कष्टों से मुक्ति पानी है तो भगवान शिव का स्मरण करते रहें। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में श्री दक्षिण काली मंदिर में भगवान शिव का दुग्धाभिषेक व जलाभिषेक किया जाता है। श्रावण मास में भक्तजनों को सच्चे मन से भोलेनाथ की पूजा अर्चना करनी चाहिए। भगवान शिव अपने भक्तों पर सदैव कृपा बरसाते हैं। सौभाग्यशाली भक्तों को ही सिद्धपीठ श्री दक्षिण काली मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने का अवसर प्राप्त होता है। इस दौरान आचार्य पवनदत्त मिश्र, पंडित प्रमोद पाण्डे, अंवतिकानंद ब्रह्मचारी, कृष्णानंद ब्रह्मचारीे, बालमुकुंदानंद ब्रह्मचारी, लालबाबा, स्वामी रघुवीरानंद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *