Dharm

भगवान शिव की आराधना का महापर्व है श्रावण मास-श्रीमहंत रामरतन गिरी

हरिद्वार, 2 अगस्त। श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा है कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का महापर्व है। जिसमें भगवान शिव सृष्टि का संचालन कर अपने भक्तों पर असीम कृपा बरसाते हैं और जगत का कल्याण करते हैं। मायापुर स्थित अखाड़े में शिव आराधना के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए श्री महंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि देवों के देव महादेव कैलाश वासी भगवान शिव बहुत ही दयालु एवं कृपालु है जो भक्तों की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर मनवांछित फल प्रदान करते हैं। मोक्ष की प्राप्ति के लिए भगवान शिव की आराधना से बढ़कर और कोई साधन नहीं है। श्रावण मास में शिव आराधना का महत्व और बढ़ जाता है। जो श्रद्धालु भक्त श्रद्धापूर्वक भगवान शिव की शरण में आता है। उसका कल्याण स्वयं ही निश्चित हो जाता है। श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव परम कल्याणकारी है और अपने भक्तों को भवसागर से पार लगाते हैं। उनकी महिमा अपरंपार है जो स्वयं पर्वत पर विराजमान रहकर जगत का संरक्षण करते हैं। श्रावण मास में जो श्रद्धालु भक्त विधि विधान पूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक दुग्ध अभिषेक करता है। उसका जीवन सदैव उन्नति की ओर अग्रसर रहता है और उसके सभी कठिनाइयों का शमन हो जाता है। इसलिए श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना प्रत्येक व्यक्ति को अवश्य करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *