महान संत थे ब्रह्मलीन बाबा गोपाल सिंह-महंत जसविंदर सिंह
हरिद्वार, 27 अगस्त। ब्रह्मलीन बाबा गोपाल सिंह गुरु बाबा जयमल सिंह भूरी वालों की पुण्यतिथि भूपतवाला स्थित नानकपुरा आश्रम में संत महापुरुषों के सानिध्य में मनाई गई। जिसमें सभी संतो ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर एक महान पुण्य आत्मा बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के कोठारी महंत जसविंदर सिंह महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन बाबा गोपाल सिंह महाराज एक महान संत थे। जिन्होंने जीवन पर्यंत सनातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए धर्म के संरक्षण संवर्धन में अपना सहयोग प्रदान किया। राष्ट्र निर्माण में उनका अतुल्य योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। महंत निर्मल सिंह भूरी वाले महाराज ने कहा कि महापुरुषों का जीवन त्याग और तपस्या को समर्पित रहता है और बाबा गोपाल सिंह महाराज तो साक्षात करुणा की प्रतिमूर्ति थे। नानकपुरा आश्रम की संचालिका साध्वी महंत सुखबीर कौर महाराज ने कहा कि पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन बाबा गोपाल सिंह महाराज के दिखाए मार्ग का अनुसरण कर नानकपुरा आश्रम के संचालन में उत्तम सहयोग प्रदान किया जा रहा है। संतों की सेवा करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना अतुल्य योगदान प्रदान करना ही उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य है। सभी को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर गौ, गंगा संरक्षण एवं गरीब असहाय लोगों की मदद के लिए तत्पर रहना चाहिए। जूना अखाड़े के सचिव महंत देवानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि संतों का जीवन निर्मल जल के समान होता है और ब्रह्मलीन बाबा गोपाल सिंह महाराज एक दिव्य महापुरुष थे। जिन्होंने सदैव भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाकर धर्म की रक्षा के लिए प्रेरित किया। ऐसे महापुरुषों को संत समाज नमन करता है। इस दौरान कार्यक्रम में पधारे सभी संत महापुरुषों का महंत राजविंदर कौर, महंत जसवीर कौर, सुनील मिश्रा व अनिल मिश्रा ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, महंत दुर्गादास, महंत शिवानंद, महंत प्रेमदास, भक्त दुर्गादास, स्वामी ऋषिश्वरानंद, महंत प्रहलाद दास, महंत रघुवीर दास, संत जरनैल सिंह, महंत गोविंददास, महंत सूरज दास, महंत बिहारी शरण, महंत अंकित शरण, महंत रवि सिंह, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी दिनेश दास, महंत शुभम गिरी सहित कई संत महापुरुष उपस्थित रहे।