हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित राजा गार्डन एनक्लेव कॉलोनी में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की अनदेखी के चलते नियमों के विपरीत निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। मामला गंभीर इसलिए भी है कि आवासीय नक्शा पास कराकर मौके पर फ्लैट और गोदाम खड़े कर दिए गए, जो स्वीकृत मानकों का खुला उल्लंघन है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध निर्माण को लेकर कई बार प्राधिकरण अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन ही मिला। हैरानी की बात यह है कि जहां प्राधिकरण छोटे स्तर के निर्माण कार्यों पर तुरंत कार्रवाई कर अपनी सक्रियता दिखाता है, वहीं बड़े और स्पष्ट रूप से नियमों के खिलाफ हो रहे निर्माण पर चुप्पी साध ली जाती है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि विभागीय लापरवाही और ढिलाई के चलते निर्माण कार्य बिना रोक-टोक अंतिम चरण तक पहुंच गया। यदि समय रहते सख्त कदम उठाए जाते तो इस अवैध निर्माण को रोका जा सकता था। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर ऐसे बड़े निर्माण कार्य प्राधिकरण की नजर से कैसे बच गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जन आंदोलन भी किया जा सकता है।





