Haridwar

विभागीय आदेशों का अनुपालन कराने में नाकाम साबित हो रहे प्राधिकरण अधिकारी, सीलिंग का आदेश बना मजाक

श्यामपुर स्थित मन्नत ढाबा पर धड़ल्ले से जारी अवैध निर्माण

हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) छोटे-मोटे निर्माणों पर कार्रवाई कर अपनी पीठ थपथपा रहा है, वहीं श्यामपुर में मन्नत ढाबा परिसर में बन रहे बड़े रेस्टोरेंट को लेकर प्राधिकरण की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। आरोप है कि रेस्टोरेंट निर्माण को लेकर प्राधिकरण की ओर से सीलिंग के आदेश दिए गए थे, लेकिन मौके पर अब तक सीलिंग की कार्रवाई नहीं हुई और निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है। एचआरडीए के सीलिंग आदेश हवा-हवाई, मन्नत ढाबा पर नहीं लगी सील—यह स्थिति प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। जब किसी निर्माण को लेकर सीलिंग के आदेश जारी किए जा चुके हैं तो फिर मौके पर आदेश का पालन क्यों नहीं कराया गया? संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों की निगरानी के बावजूद निर्माण जारी रहना भी कई सवाल खड़े कर रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ माह पहले भी मन्नत ढाबा परिसर में निर्माणाधीन शौचालय को लेकर एचआरडीए ने सीलिंग की कार्रवाई की थी। हालांकि, इसके बाद सील हटाए जाने की बात भी सामने आई थी। अब इसी परिसर में बड़े स्तर पर रेस्टोरेंट का निर्माण किए जाने से प्राधिकरण की कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण नियमों के विपरीत है तो सीलिंग आदेश के बावजूद निर्माण कैसे आगे बढ़ रहा है। आखिर किसकी अनुमति, लापरवाही या संरक्षण में निर्माण कार्य जारी है? यह जांच का विषय है। मामले ने एचआरडीए की निगरानी व्यवस्था और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्राधिकरण इस मामले में अपने ही आदेशों का पालन कब तक सुनिश्चित कराता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *