हरिद्वार। अवैध निर्माणो के खिलाफ हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। एक ओर कार्रवाई से जहां भू-माफियाओ और कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा है वहीं कुछ अवैध निर्माण ऐसे भी हैं जहां पर प्राधिकरण ने मात्र नोटिस की कार्रवाई कर खानापूर्ति कर दी है। ताजा मामला श्रवणनाथ नगर निरंजनी अखाड़ा रोड स्थित जय भारत साधु महाविद्यालय के बराबर वाली गली में धर्मशाला की आड़ में हो रहे गंगा किनारे अवैध निर्माण का है। हैरानी की बात यह है कि निर्माण कार्य को लगभग एक वर्ष बीत चुका है और कई शिकायतों के बावजूद भी अभी तक इस निर्माण के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई नहीं की गई है। गंगा से सटे होने के कारण एनजीटी के नियमों के अनुसार प्राधिकरण द्वारा इस निर्माण का किसी भी रूप से नक्शा स्वीकृत नहीं किया जा सकता है। हाल ही में प्राधिकरण ने भाजपा नेता के गंगा किनारे जारी अवैध निर्माण को सील किया है किंतु इस अवैध निर्माण को लेकर प्राधिकरण की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि क्षेत्रीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही सीलिंग की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
सूत्रों के अनुसार इस अवैध निर्माण को पूरा कराने में कनखल क्षेत्र का एक आर्किटेक्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अब देखना यह होगा कि विकास प्राधिकरण द्वारा इस अवैध निर्माण को कब सील किया जाता है।





