हरिद्वार। श्री साकेत बिहारी भगवान का त्रिदिवसीय ब्रह्मोत्सव भूपतवाला स्थित आचार्य बेला इंडिया टेंपल में कल (आज) से मनाया जाएगा। प्रेस को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आचार्य बेला इंडिया टेंपल के युवराज दामोदराचार्य दिव्यांश वेदांती महाराज ने बताया कि आचार्य बेला पीठाधीश्वर श्रीमद्जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री श्यामनारायणाचार्य महाराज की अध्यक्षता में साकेत बिहारी भगवान का त्रिदिवसीय ब्रह्मोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जाएगा जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से अनेक संप्रदाय के संत महापुरुष सम्मिलित होंगे। उन्होंने कहा कि इस पावन आयोजन में जो भी श्रद्धालु भक्त श्रद्धापूर्वक साकेत बिहारी भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं उनका जीवन भवसागर से पार हो जाता है। युवराज दामोदराचार्य महाराज ने बताया कि उत्तराखंड हरिद्वार की पावन धरा पर प्रत्येक वर्ष आश्रम में साकेत बिहारी भगवान के ब्रह्मोत्सव कार्यक्रम के माध्यम से संपूर्ण जगत को सात्विक ऊर्जा और सनातन संस्कृति के प्रचार प्रसार का संदेश प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में स्वामी पुंडरीकाक्षाचार्य वेदांती महाराज के मुखारविंद से प्रतिदिन भक्तमाल की कथा का भी श्रवण लाभ श्रद्धालु भक्तों को प्राप्त होगा। कहा कि संत समाज ने हमेशा ही समाज को एकता के सूत्र में बांधकर राष्ट्र को उन्नति की ओर अग्रसर किया है।
उन्होंने बताया कि भगवान साकेत बिहारी के इस पावन उत्सव को दक्षिण भारत स्थित श्री मेलकोटे कर्नाटक भगवान श्री सम्पत्कुमार कुमार के प्रधान अर्चक स्वामी श्री रामप्रिय भट्टड द्वारा सम्पन्न कराया जाएगा।





