हरिद्वार, 9 अगस्त। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि श्रावण भगवान शिव की आराधना का पर्व है। श्रावण मास में भगवान शिव की उपासना व अभिषेक अमोघ फल प्रदान करते हैं। जलाभिषेक से प्रसन्न होकर भगवान शिव भक्तों के सभी कष्ट व संकट दूर कर देते हैं। भगवान शिव की कृपा से जीवन भवसागर से पार हो जाता है। निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पादुका मंदिर में आयोजित विशेष शिव आराधना के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान शिव अति कल्याणकारी हैं। सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर श्रद्धालु भक्तों के सभी दुखों को हर लेते हैं। सावन में शिव आराधना या शिवलिंग के दर्शन मात्र से ही साधक का कल्याण हो जाता है। कल्याणकारी आदिदेव भगवान शिव के स्मरण मात्र से ही सब दुख दूर हो जाते हैं। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि श्रावण मास में पूर्ण विधि विधान से शिवोपसना व रूद्राभिषेक करने से शिव अत्यन्त प्रसन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि शिव साधना मोक्षदायक है। सृष्टि के प्रधान देव भगवान शिव की आराधना व पूजन से अन्य देवी देवता भी प्रसन्न होते हैं। सभी को नियमित रूप से शिव आराधना अवश्य करनी चाहिए। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।
