हरिद्वार, 24 जुलाई। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने श्रद्धालु भक्तों को शिव महिमा से अवगत कराते हुए कहा कि कांवड़ मेला भगवान शिव को समर्पित है। कांवड़ मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालु शिवभक्त कांवड़ियें हरिद्वार से गंगाजल ले जाकर अपने अभिष्ट शिवालयों में महादेव शिव का अभिषेक करते हैं। जलाभिषेक से प्रसन्न होकर भोलेनाथ भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पादुका मंदिर में शिव आराधना के दौरान भगवान शिव का जलाभिषेक किए जाने की प्रथा के विषय में उन्होंने बताया कि देवताओं द्वारा राक्षसों द्वारा किए गए समुद्र मंथन से अन्य रत्नों के साथ हलाहल विष भी उत्पन्न हुआ। देवताओं की पुकार पर भगवान शिव ने उस विष को अपने कंठ में धारण किया। विष के प्रभाव से उत्पन्न हुई गर्मी के चलते भगवान का कंठ नीला हो गया। इस कारण उनका नाम नीलकंठ पड़ा। गर्मी से भगवान शिव को शीतलता प्रदान करने के लिए देवताओं द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद से ही जलाभिषेक किए जाने की परम्परा शुरू हुई। पौराणिक काल से चली आ रही इस परम्परा का अब भी श्रद्धालु भक्तों द्वारा पूरी श्रद्धा व विश्वास के साथ पालन किया जा रहा है। लाखों शिवभक्त कांवड़िएं गोमुख, ऋषिकेश व हरिद्वार से गंगाजल लेजाकर गांव-गांव में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा सद्भाव की प्रतीक भी है। शिवभक्तों द्वारा ले जायी जाने वाली कांवड़ मुस्लिम समुदाय द्वारा ही तैयार कर सजायी जाती है। जिससे आपसी सद्भाव व भाईचारा बढ़ता है। इस दौरान श्री अखण्ड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने श्रीमहंत रविन्द्रपुरी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर चैधरी कुलदीप वालिया, रजनी वालिया, रकित वालिया ने भी श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज से आशीर्वाद लिया।
