हरिद्वार। भाजपा बहादराबाद मंडल अध्यक्ष नागेंद्र राणा ने कहा है कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने का कार्य कर रही है। जगजीतपुर क्षेत्र में अधिकांश जगह पर सीवर लाइन डल चुकी है। बाकी बचे क्षेत्रों में सीवर लाइन डालने का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सीवर लाइन के लिए मार्च निकालकर जनता को भ्रमित करने का कार्य किया जा रहा है। भाजपा पार्टी हमेशा से ही समस्त क्षेत्र का समग्र विकास करती चली आ रही है। जिससे प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा भी भाजपा से जुड़ रहे हैं। जिससे बौखलाई कांग्रेस अपना वजूद तलाशने में जुटी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में उत्तराखंड सहित समूचा देश उन्नति की ओर अग्रसर हो रहा है। कांग्रेस पार्टी मात्र भाजपा की नीतियों का विरोध कर जनता को गुमराह करने का कार्य कर रही है। जिसे जनता समझ चुकी है। नागेंद्र राणा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भी भाजपा उत्तराखंड में सरकार बनाएगी और भाजपा की रीती नीतियों को जन जन तक पहुंचाया जाएगा। मोदी सरकार के कार्यकाल में गरीब असहाय एवं आम आदमी को भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। कांग्रेस का जनाधार पूरे देश में गिरता जा रहा है। जिससे बौखलाए कार्यकर्ता मात्र भाजपा के विकास का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब पार्टी की नीति को समझ चुकी है कि भाजपा के शासन में ही देश का समग्र विकास हो सकता है।





