हरिद्वार, 24 दिसम्बर। निराला धाम आश्रम में 41 दिवसीय विराट शिवशक्ति महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। जिसमें विश्व कल्याण के लिए नागेश्वर महादेव गद्दी के निमित्त आश्रम की अध्यक्ष राजमाता आशा भारती ने 41 दिन की साधना के लिए आसन ग्रहण किया। इस अवसर पर 51 बाल कन्याओं का पूजन कर श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए राजमाता आशा भारती ने कहा कि देवों के देव महादेव भगवान आशुतोष भक्तों की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर उन्हें मनवांछित फल प्रदान करते हैं। श्रद्धा पूर्वक की गई भगवान शिव की उपासना सहस्र गुना पुण्य फलदाई होती है। उन्होंने कहा कि नागेश्वर महादेव अपने भक्तों को आशीर्वाद प्रदान कर उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इनकी शरण में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु भक्तों का कल्याण निश्चित है। ब्रह्मलीन निराला स्वामी लहरी बाबा एक महान संत थे। जिनकी प्रेरणा से प्रतिवर्ष विश्व कल्याण के लिए 41 दिवसीय विराट शिवशक्ति महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि संत महापुरुषों का जीवन सदैव मानव हित में समर्पित रहता है। युवा भारत साधु समाज के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी रविदेव शास्त्री महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी लहरी बाबा का जीवन निर्मल जल के समान था। जिन्होंने राष्ट्र रक्षा एवं धर्म रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्हीं के आदर्शो को अपनाकर राजमाता आशा भारती महाराज विश्व कल्याण के लिए प्रतिवर्ष शिवशक्ति महायज्ञ का आयोजन करती हैं और अपनी अखंड साधना के द्वारा समस्त विश्व को एक धार्मिक उर्जा प्रदान करती हैं। स्वामी हरिहरानंद एवं महंत सुतीक्षण मुनि महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी लहरी बाबा एक दिव्य महापुरुष थे। जिन्होंने गंगा तट से अनेकों सेवा प्रकल्प प्रारंभ कर गरीब असहाय लोगों की सहायता की। समाज सेवा में उनका अतुल्य योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। राजमाता आशा भारती के कृपा पात्र शिष्य स्वामी नित्यानंद ने बताया कि विश्व कल्याण की कामना के साथ प्रतिदिन आश्रम में मानव जाति के कल्याण के लिए पांच यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 11 ब्राह्मणों द्वारा पूजा अर्चना कर राष्ट्र कल्याण की कामना की जा रही है इस अवसर पर स्वामी शिवानन्द, स्वामी हरिहरानन्द, स्वामी दिनेश दास आदि संतजन मौजूद रहे।





