हरिद्वार, 7 अक्तूबर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन नील पर्वत स्थित सिद्धस्थल मां चंडी देवी मंदिर मैं मां की विशेष आराधना कर कोरोना महामारी से मुक्ति की कामना की गई और विश्व कल्याण के लिए 11 विद्वान पंडितों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ किया गया। इस दौरान मंदिर के प्रांगण में श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए मां चंडी देवी मंदिर परमार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित गिरी महाराज ने कहा कि मां की महिमा अपरंपार है जो अपने भक्तों को सुख समृद्धि प्रदान कर उनका संरक्षण करती है। अपनी शरण में आने वाले प्रत्येक भक्तों का कल्याण कर मां उन्हें मनवांछित फल प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रों में मां चंडी देवी की विशेष आराधना करने से साधक को सहस्र गुना पुण्य फल की प्राप्ति होती है और उसका जीवन सदा उन्नति की ओर अग्रसर होता है। श्रद्धालु भक्तों को मां भगवती के प्रथम स्वरूप का वर्णन सुनाते हुए महंत रोहित गिरी महाराज ने कहा कि मां शैलपुत्री अनंत शक्तियों से संपन्न देवी है। यदि मानव देह में शैलपुत्री को जगा लिया जाए तो संपूर्ण सृष्टि को नियंत्रित करने वाली शक्ति शरीर में धीरे-धीरे प्रकट होने लगती है। जिसके फल स्वरुप व्यक्ति विराट ऊर्जा में समाकर मानव से महामानव के रूप में परिवर्तित हो जाता है। मां शैलपुत्री की सक्रियता से मन और मस्तिष्क का विकास होने लगता है। अंतर्मन में उमंग और आनंद व्याप्त हो जाता है। क्योंकि मां शैलपुत्री सौभाग्य की देवी हैं। जिनकी आराधना से व्यक्ति को सभी सुखों की प्राप्ति होती है।
महंत रोहित गिरी महाराज ने कहा कि संपूर्ण नवरात्र भक्तों को मां की आराधना में लीन रहना चाहिए और सात्विक भोजन ही ग्रहण करना चाहिए। मां शैलपुत्री की आराधना करने से जीवन में स्थिरता आती है और मनोविकार दूर होते हैं और व्यक्ति के अंतःकरण की शुद्धि होती है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अगर सामाजिक दायरा बढ़ाते हुए जीवन में यश और धन की प्राप्ति करनी है तो नवरात्र से बड़ा महापर्व उसके लिए और कोई नहीं है। क्योंकि नवरात्र के दौरान की गई मां भगवती की उपासना से जन्म जन्मांतर के पापों का शमन हो जाता है। इसलिए संपूर्ण नवरात्र प्रत्येक साधक को मां की उपासना विधि विधान पूर्वक अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मां चंडी देवी की असीम कृपा से कोरोना महामारी जल्द ही देश दुनिया से समाप्त होगी और विश्व में खुशहाली लौटेगी। इस अवसर पर विशाल कश्यप, पंडित पंकज रतूड़ी, राजकुमार मिश्रा, सुनील कश्यप, अरविन्द कुमार, ऋतिक सिंह तोमर, मोहित तोमर, मनोज कुमार, मोहित राठोर, सोनू ठाकुर आदि मौजूद रहे।





