Health

पर्यावरण जीवन का आधार है-महामण्डलेश्वर स्वामी राजेंद्रानंद

हरिद्वार, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भीमगोड़ा स्थित विश्नोई आश्रम के प्रांगण में महामंडलेश्वर स्वामी राजेंद्रानंद महाराज ने विद्यार्थियों संग पौधारोपण किया। इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी राजेंद्रानंद महाराज ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है और इसकी सुरक्षा एवं स्वच्छता मानव जीवन के लिए बेहद आवश्यक है। जन्म से लेकर मृत्यु तक पर्यावरण मानव जीवन के लिए अत्यंत विशेष महत्व रखता है। पेड़ पौधे हमें प्राणवायु ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और पर्यावरण को संतुलित करने में सहायक होते हैं। पर्यावरण के प्रति जागरूकता आज की प्रमुख आवश्यकता है और वास्तविकता को देखें तो प्राकृतिक वस्तुओं की प्राप्ति पर्यावरण के बिना असंभव है। क्योंकि पर्यावरण हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। लेकिन वर्तमान समय में औद्योगिक प्रगति एवं मानवीय आवश्यकताओं के कारण पर्यावरण प्रदूषण की समस्या उत्पन्न हो चुकी है। जो कि धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर रही है। जिससे मानवता के विनाश का संकट उत्पन्न हो रहा है। मानव जीवन मुख्यतः स्वच्छ वायु जल पर ही निर्भर है। इसलिए पर्यावरण संतुलन बनाए रखना सभी का कर्तव्य है। हमें अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाकर प्रकृति को संरक्षित करने में अपना योगदान प्रदान करना चाहिए और पर्यावरण की सुरक्षा का दायित्व प्रत्येक नागरिक का है। क्योंकि पर्यावरण से ही मनुष्य का अस्तित्व है। स्वामी राजेंद्रानंद महाराज ने सभी से अपील करते हुए कहा कि चारों ओर बढ़ते पर्यावरण के खतरों के प्रति सचेत हों तथा पूर्ण मनोयोग से संपूर्ण परिवेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयत्न करें। तभी एक सुंदर समाज की कल्पना की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *