Dharm

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद एवं स्वामी सदानंद महाराज के शंकराचार्य नियुक्त होने पर संत समाज ने प्रदान की शुभकामनाएं

हरिद्वार आगमन पर संत समाज द्वारा किया जाएगा भव्य अभिनंदन- स्वामी ऋषिश्वरानंद

हरिद्वार, 13 सितम्बर। ज्योतिष बद्री पीठ के शंकराचार्य के रूप में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद एवं शारदा पीठ के शंकराचार्य के रूप में स्वामी सदानंद महाराज के नियुक्त होने पर संत समाज ने उन्हें शुभकामनाएं प्रदान करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। श्री चेतन ज्योति आश्रम के अध्यक्ष एवं भारत साधु समाज के प्रवक्ता स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज ने कहा है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद एवं स्वामी सदानंद महाराज दोनों ही विद्वान एवं तपस्वी महापुरुष है। जिनके शंकराचार्य बनने पर सनातन धर्म को एक नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने अपने जीवन काल में धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण संवर्धन के लिए अनेकों आंदोलन और कार्य किए। राष्ट्र निर्माण में इनकी भागीदारी अतुल्य है। साथ ही जगतगुरु शंकराचार्य ब्रह्मलीन स्वामी स्वरूपानंद महाराज के जीवन का अनुभव भी उनको सनातन धर्म को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में लाभान्वित करेगा। भारत साधु समाज इनके उज्जवल भविष्य की कामना करता है और आशा करता है कि इनके सानिध्य में भारत निरंतर धर्म एवं संस्कृति के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा। स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज ने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद एवं स्वामी सदानंद महाराज का शंकराचार्य बनने पर हरिद्वार नगर आगमन पर संत समाज द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन का कार्यक्रम किया जाएगा और उनके सम्मान के रूप में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन भी संत समाज द्वारा आयोजित किया जाएगा। पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद एवं स्वामी सदानंद महाराज भारतीय सनातन संस्कृति को प्राप्त ईश्वर का वरदान हैं। जो परम विद्वान वेद शास्त्रों के ज्ञाता है। जिन के संचालन में कई धर्म संसद के माध्यम से समाज को धार्मिक लाभ प्राप्त हुआ। ऐसे अवतारी महापुरुषों का शंकराचार्य पीठ पर विराजमान होना समस्त देश को धर्म एवं संस्कृति के क्षेत्र में लाभान्वित करेगा। महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि महापुरुषों का धरती पर अवतरण समाज कल्याण के लिए होता है। ब्रह्मलीन जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद महाराज ने जीवन पर्यंत सनातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की उन्नति के लिए अनेकों कार्य किए उनके कृपा पात्र शिष्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद एवं स्वामी सदानंद महाराज योग्य महापुरुष हैं। जिनकी त्याग और तपस्या का लाभ राष्ट्र एवं समाज को अवश्य ही प्राप्त होगा। संत समाज उनकी दीर्घायु की कामना करता है। स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी हरिहरानंद, महंत सुतीक्षण मुनि, स्वामी दिनेश दास, महंत शिवानंद, महंत कृष्ण मुनि, महंत अरुण दास, महंत रघुवीर दास, महंत सूरज दास, महंत बिहारी शरण, महंत अंकित शरण, महंत प्रह्लाद दास, महंत श्याम प्रकाश, स्वामी गंगादास उदासीन महंत शिव शंकर गिरी, श्रीमहंत सबसे गिरी, स्वामी रघु वन, महंत सूर्य मोहनगिरी, महंत कृष्णापुरी, महंत महंत निर्मल दास, महंत गुरमीत सिंह, स्वामी श्रीराम कृष्णा सहित हरिद्वार के संत समाज ने नवनियुक्त शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद एवं स्वामी सदानंद महाराज को शुभकामनाएं प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *