Crime

चीतल का शिकार कर पका रहे थे मांस वन विभाग की कार्रवाई,महिला गिरफ्तार

वन विभाग की टीम ने की छापामार कार्रवाई, एक आरोपी फरार

ऋषिकेश/जॉलीग्रांट। चीतल का शिकार करने के आरोप में वन विभाग ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला का पति फरार है। दंपती चीतल का शिकार कर घर में उसका मांस पका रहे थे। वन विभाग ने घर में छापामार कार्रवाई की है। आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है।


रविवार की शाम वन विभाग को सूचना मिली कि बड़कोट वन रेंज से सटी हुई बस्ती शांतिनगर, रानीपोखरी में एक दंपती ने जंगल से चीतल का अवैध शिकार किया है। वन विभाग की टीम ने शांति नगर में छापेमारी की। घर से तीन किलो पका हुआ मांस और साढ़े बारह किलो कच्चा मांस बरामद किया। रानीपोखरी का शांतिनगर जाखन नदी और बड़कोट वन रेंज के किनारे बसा हुआ है। यहां कुछ लोग अवैध खनन और अवैध शिकार करते हैं। कुछ समय पहले ऋषिकेश प्रशासन ने यहां अवैध रूप से बसे लोगों को नोटिस भी दिए गए थे। सूत्रों के अनुसार आरोपी बबलू कुछ समय पहले एयरपोर्ट पर स्वीपर का कार्य करता था।


वन विभाग की टीम ने इस मामले में आरोपी मीना पत्नी बबलू को गिरफ्तार कर लिया। जबकि बबलू मौके से फरार होने में कामयाब रहा। बड़कोट वन रेंजर धीरज रावत ने कहा कि दंपती द्वारा चीतल को जंगल में फंदा लगाकर मारा गया है। जिसकी उम्र करीब डेढ़ वर्ष के करीब थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *