Crime

प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक कांग्रेस का षड़यंत्र-साक्षी महाराज

विक्की सैनी

हरिद्वार, 7 जनवरी। श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल की शाखा एक्कड़ कलां में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि पंजाब में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक कांग्रेस का एक षड्यंत्र है। कांग्रेस हमेशा से ही हत्याओं पर आधारित राजनीति करती आई है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं स्वर्गीय राजीव गांधी की हत्या भी एक षड्यंत्र के तहत हुई थी। इस पूरी घटना की गहनता से जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ा दंड मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने ओछी मानसिकता का परिचय देते हुए यह कुकृत्य किया है। जोकि लोकतंत्र के विरुद्ध है। आगामी विधानसभा चुनाव पर वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में योगी आदित्यनाथ 2022 में 2017 से ज्यादा विधानसभा सीट जीतते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू चल रहा है। जिसे कोई नकार नहीं सकता। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता संपूर्ण भारत में नहीं पूरे विश्व में है और वह विश्व के नेता है। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में बेहतर कार्य कर रहे हैं और संत के रूप में यूपी को एक नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विरोधियों के भी चहेते हैं और भाजपा का तुरुप का पत्ता हैं। ऐसे मुख्यमंत्री को इतिहास बदल कर दोबारा मौका मिलना चाहिए और हमें पूर्ण विश्वास है उत्तराखंड में भी भाजपा पूर्ण बहुमत से जीत का परचम लहराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *